बदुआ नदी से अवैध खनन मामले में प्राथमिकी दर्ज, 11.32 लाख राजस्व की क्षति

शंभुगंज थाना क्षेत्र के पौकरी पंचायत के गढ़ी मोहनपुर गांव स्थित बदुआ नदी में बने पुल के समीप नदी से अवैध बालू खनन मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के पौकरी पंचायत के गढ़ी मोहनपुर गांव स्थित बदुआ नदी में बने पुल के समीप नदी से अवैध बालू खनन मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. खनन निरीक्षक प्रीति लता सिन्हा ने मामले में दो अलग-अलग नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में बंदोबस्तधारक मुंगेर जिला के पुरबसराय निवासी कुंदन यादव एवं संग्रामपुर के पृथ्वीचक निवासी आशीष यादव सहित आधे दर्जन अज्ञात पर शंभुगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है. साथ ही अवैध बालू खनन करने के लिए उपयोग में लाया गया 1 पोकलेन व आठ ट्रैक्टर के मालिक व चालकों पर भी मामला दर्ज किया गया हैं. खान निरीक्षक ने बताया कि पिछले कई दिनों से बदुआ नदी से अवैध बालू खनन एवं तस्करी की सूचना मिल रही थी. जब छापेमारी करने पहुंची तो नदी में 1 पोकलेन सहित 8 ट्रैक्टरों के द्वारा अवैध उत्खनन किया जा रहा था. छापेमारी के क्रम में उक्त वाहनों को जब्त करने का प्रयास भी किया गया. इस बीच बालू माफियाओं के द्वारा बलपूर्वक पोकलेन व ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए. घटना के अगले दिन गत 24 अप्रैल को जब शंभुगंज के अलावा संग्रामपुर पुलिस की मौजूदगी में अंचल अमीन से सीमा क्षेत्र की मापी करायी गयी, तो शंभुगंज क्षेत्र में 20 हजार 90 घन फीट बालू का अवैध उठाव किया गया पाया गया. जिससे सरकार को 11.32 लाख की राजस्व क्षति हुई है. खान निरीक्षक ने बताया कि मुुंगेर पूरबसराय निवासी कुंदन यादव द्वारा मुंगेर जिले के संग्रामपुर क्षेत्र में बालू का बंदोबस्त कराया गया. घाट का देखरेख के लिए आशीष नामक शख्स को दिया गया है. इन लोगों द्वारा गढ़ी मोहनपुर व पौकरी सहित अन्य गांवों के तस्करों से मिलकर शंभुगंज क्षेत्र से बालू खनन शुरू कर दिया. उधर पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामला दर्ज कर अज्ञात तस्करों और वाहन मालिक व चालकों की पहचान की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >