शंभुगंज बांका से ठाकुर विनोद की रिपोर्ट : शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की सुबह चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच एक छात्रा स्कूल में बेहोश हो गयी. घटना प्रोन्नत मध्य विद्यालय रामचुआ कन्या की है, जहां चेतना सत्र के दौरान अत्यधिक गर्मी के कारण पांचवीं कक्षा की छात्रा अचानक गिरकर बेहोश हो गयी. आनन-फानन में बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
चेतना सत्र के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार स्कूल में सुबह चेतना सत्र चल रहा था. इसी दौरान रामचुआ गांव निवासी सुनील पासवान की पुत्री वर्षा कुमारी, जो पांचवीं कक्षा की छात्रा है, अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी.घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार यादव ने तुरंत बच्ची को ओआरएस का घोल पिलाया और उसके परिजनों को सूचना दी.
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
प्रधानाध्यापक द्वारा विभाग को सूचना देने के साथ एंबुलेंस बुलायी गयी, जिसके बाद छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज में भर्ती कराया गया.वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अजय शर्मा की देखरेख में बच्ची का इलाज किया गया. चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल बच्ची की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है.
गर्मी के कारण स्कूल नहीं भेज रहे अभिभावक
प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि इन दिनों भीषण गर्मी के कारण कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है. लगातार बढ़ती गर्मी और उमस से छोटे बच्चों को स्कूल में काफी परेशानी हो रही है.क्षेत्र में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित है. चिकित्सकों ने बच्चों को धूप से बचाने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.
