फोटो कैप्शन- जब्त शराब व गिरफ्तार तस्कर | Prabhat Khabar Network

बांका में 10,694 लीटर शराब जब्त, धान की भूसी के नीचे छिपे थे 1,214 कार्टन, 16 चक्का ट्रक का चालक गिरफ्तार

बांका के भलजोर चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने 1.28 करोड़ की अवैध विदेशी शराब जब्त की है। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

बांका जिले में मद्यनिषेध विभाग को मंगलवार की अहले सुबह बड़ी सफलता मिली. भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग स्थित भलजोर चेकपोस्ट पर उत्पाद एवं मद्यनिषेध थाना बांका की टीम ने एक 16 चक्का ट्रक से करीब 1.28 करोड़ रुपये मूल्य की 10,694.800 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की. शराब को ट्रक में धान की भूसी के बोरों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया गया.

गुप्त सूचना पर भलजोर में शुरू हुई सघन जांच

जानकारी के अनुसार मद्यनिषेध विभाग की टीम भलजोर चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि झारखंड की ओर से एक 16 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप भागलपुर की ओर ले जायी जा रही है.

सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने चेकपोस्ट पर निगरानी और वाहन जांच तेज कर दी. इसी क्रम में हंसडीहा की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड 16 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गयी.

धान की भूसी के नीचे मिला शराब का जखीरा

ट्रक की तलाशी के दौरान टीम को धान की भूसी के बोरों के नीचे शराब के कार्टन छिपाकर रखे जाने का पता चला. जब बोरों को हटाकर जांच की गयी तो विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद हुई.

उत्पाद विभाग के अनुसार ट्रक से कुल 1,214 कार्टन शराब बरामद की गयी, जिसकी कुल मात्रा 10,694.800 लीटर है. जब्त शराब पर "For Sale in Punjab Only" अंकित है. विभाग ने बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 28 लाख रुपये बताया है.

राजस्थान का चालक गिरफ्तार, ट्रक और मोबाइल जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक मोहन लाल को गिरफ्तार किया है. उसकी उम्र 23 वर्ष बतायी गयी है. वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू थाना क्षेत्र के नरसाली नडी गांव का रहने वाला है.

विभाग ने शराब की खेप ले जाने में इस्तेमाल अशोक लीलैंड 16 चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया है. ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 09 GE 6986 बताया गया है. चालक के पास से एक सैमसंग 5G स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है.

झारखंड से भागलपुर ले जायी जा रही थी खेप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शराब की यह बड़ी खेप झारखंड की ओर से बिहार में प्रवेश कर भलजोर चेकपोस्ट के रास्ते भागलपुर की ओर ले जायी जा रही थी. चेकपोस्ट पर तैनात टीम की सक्रियता के कारण तस्करों की योजना विफल हो गयी.

उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लायी गयी थी और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था. साथ ही तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटायी जा रही है.

मद्यनिषेध थाना में दर्ज हुआ मामला

मामले को लेकर मद्यनिषेध थाना बांका में कांड संख्या 415/26 दर्ज किया गया है. बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विभागीय अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.

अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. भलजोर जैसे अंतरराज्यीय मार्गों पर वाहन जांच और निगरानी आगे भी जारी रखने की बात कही गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >