शीशम पेड़ से गिरकर बुजुर्ग घायल, टूटी कमर व हाथ की हड्डी, देवघर रेफर

आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत असुढ़ा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. जलावन के लिए सूखी डाली तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर 60 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट Banka News : आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत असुढ़ा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. जलावन के लिए सूखी डाली तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर 60 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया. हादसे में जख्मी व्यक्ति के कमर और बाएं हाथ की हड्डी बुरी तरह टूट गई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार असुढ़ा गांव निवासी कुर्बान मियां के 60 वर्षीय पुत्र सलीम अंसारी शनिवार दोपहर घर के पास स्थित एक पेड़ पर जलावन के लिए सूखी डालियां तोड़ने चढ़े थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे करीब 15 फीट की ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरे. पेड़ से गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सलीम अंसारी को उठाया. उनकी कमर और बाएं हाथ में तेज दर्द हो रहा था. स्थिति गंभीर देखकर ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया. कटोरिया सीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. विनोद कुमार ने जख्मी का प्राथमिक उपचार किया. जांच में पाया गया कि सलीम अंसारी के कमर और बाएं हाथ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर है. हालत नाजुक देखते हुए डा. विनोद कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया. परिजनों ने बताया कि सलीम अंसारी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. हादसे के बाद से परिवार में मायूसी छाई हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जलावन की समस्या के कारण लोग अक्सर पेड़ों से सूखी लकड़ी तोड़ने को मजबूर होते हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गरीब परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके. फिलहाल सलीम अंसारी का इलाज सदर अस्पताल देवघर में चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MD. TAZIM

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >