Special Sahayog Camp : बांका जिले में आम लोगों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन का विशेष सहयोग शिविर अभियान लगातार गति पकड़ रहा है. मंगलवार को कटोरिया प्रखंड की बड़वासिनी पंचायत में आयोजित शिविर का जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने संयुक्त निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए.
ग्रामीणों से सीधे संवाद, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
कटोरिया प्रखंड की बड़वासिनी पंचायत के जमुनियातरी स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष सहयोग शिविर में डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी प्राप्त आवेदनों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
7,500 आवेदनों के निस्तारण का दावा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 7,500 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है. प्रत्येक आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और गांव में ही समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है.
हर सप्ताह तय कार्यक्रम के तहत लगेंगे शिविर
डीएम ने जानकारी दी कि प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में पदाधिकारी आम लोगों से मिलकर शिकायतों की सुनवाई करेंगे. वहीं प्रत्येक मंगलवार को किसी न किसी पंचायत में विशेष सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि वे शिविर में नहीं पहुंच पाते हैं तो सहयोग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन दर्ज कर सकते हैं.
आयुष्मान कार्ड और ऑनलाइन शिकायतों पर जोर
डीएम ने पात्र लाभुकों से आयुष्मान भारत योजना के तहत जल्द आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे जरूरत पड़ने पर पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल सकेगा. वहीं एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें भी ऑनलाइन स्वीकार की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस से जुड़े 158 आवेदनों में से 138 का निस्तारण हो चुका है और शेष मामलों का भी जल्द समाधान किया जाएगा.
बड़वासिनी और तरगच्छा पंचायत में मिले आवेदन
बड़वासिनी पंचायत में मंगलवार को 32 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया गया. वहीं तरगच्छा पंचायत में 17 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भी कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया. प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजकुमार, डीआरडीए निदेशक श्रीनिवासन, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार, बीडीओ देवाशीष कुमार, सीओ दिव्य प्रकाश, इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार, हेल्थ मैनेजर अमरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
