Banka Shravani Mela Update: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर बेलहर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष ने जिलेबिया मोड़ के आसपास कच्चे कांवरिया पथ का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए.
तीन किलोमीटर तक कच्चे कांवरिया पथ का किया निरीक्षण
बेलहर प्रखंड के जिलेबिया मोड़ के आसपास लगभग तीन किलोमीटर लंबे कच्चे कांवरिया पथ का बीडीओ कुमार सौरभ, सीओ आलोक कुमार और थानाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. इस दौरान कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित संवेदक और विभागीय कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
गड्ढों पर जताई नाराजगी, बालू बिछाने का आदेश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कांवरिया पथ के कई हिस्सों में अब भी गड्ढे बने हुए हैं. इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित संवेदक को तत्काल मिट्टी भरकर गड्ढों को समतल करने और उसके ऊपर गंगा की बालू बिछाने का सख्त निर्देश दिया. अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले कांवरिया पथ पूरी तरह सुरक्षित और सुगम होना चाहिए.
ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला : कांवरियों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, जमालपुर से देवघर और सुल्तानगंज के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
अतिक्रमण हटाया, दोबारा कब्जा करने पर होगी कार्रवाई
कांवरिया पथ के किनारे दुकानदारों और कुछ ग्रामीणों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को भी निरीक्षण के दौरान हटवाया गया. अधिकारियों ने बांस-बल्ला हटाकर रास्ता खाली कराया और स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी तरह की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी.
दो दिनों में पूरे होंगे धर्मशाला के अधूरे कार्य
सरकारी धर्मशाला में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य दो दिनों के भीतर हर हाल में पूरे कर लिए जाएं. बीडीओ कुमार सौरभ, सीओ आलोक कुमार और संबंधित थानाध्यक्षों ने कहा कि श्रावणी मेला की तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराई जाएंगी, ताकि बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए आने वाले कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
ये भी पढ़ें : 25 जुलाई तक कांवरिया पथ पर पूरी होंगी सभी तैयारियां, डीएम-एसपी ने कांवरिया पथ पर दिया अल्टीमेटम
ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला: बाबा पीपेश्वरनाथ मंदिर में तैयारियों पर मंथन, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
