बांका. शहर के आरएमके इंटर स्कूल खेल मैदान में 28 जनवरी को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन होगा. इसका समय 10 से 4 बजे के बीच रखा गया है. इस संबंध में प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी आदित्य प्रकाश ने बताया है कि नियोजक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस मेले में विभिन्न नियोजकों के द्वारा निःशुल्क रोजगार के अवसर उपलब्ध कराया जाना है. इस मेले में 8वीं, 10वीं, केवाईपी, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक, एमबीए आदि योग्यता वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. विशेष रूप से केवाईपी उत्तीर्ण युवक-युवतियों के लिए यह रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है. मेले में भाग लेने के लिए आवेदक का एनसीएस पोर्टल (www.ncs.gov.in) पर निबंधन होना अनिवार्य है. जिसकी सुविधा जिला नियोजनालय, बांका के कार्यालय एवं नियोजन मेला स्थल पर उपलब्ध रहेगी. नियोजन मेला में प्रवेश से लेकर अंतिम चयन तक की समस्त प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है. जिला नियोजन पदाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे अपने साथ बायोडाटा, योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति एवं पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लेकर पहुंचे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
