अहिरो आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 216 में अनियमितता का आरोप, बीडीओ और सीडीपीओ से जांच की मांग

Dhoraiya Anganwadi: बांका के धोरैया में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 216 पर पोषाहार में अनियमितता और बदहाल व्यवस्था के आरोप लगे हैं. कार्रवाई नहीं होने पर धरना की चेतावनी दी गई है

धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट

Dhoraiya Anganwadi: धोरैया प्रखंड की अहिरो पंचायत स्थित अहिरो हरिजन टोला के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 216 में अनियमितता को लेकर शिकायत दर्ज करायी गई है. गांव निवासी एवं आजाद समाज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अश्वनी कुमार दास ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है.

पोषाहार वितरण में गड़बड़ी का आरोप

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि केंद्र पर बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार में भारी अनियमितता बरती जा रही है. केंद्र पर पोषाहार से संबंधित मीनू चार्ट, केंद्र का नाम और कोड तक प्रदर्शित नहीं किया गया है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

बिना बोर्ड और झोपड़ीनुमा भवन में संचालित हो रहा केंद्र

शिकायत के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र मिट्टी के मकान और फूस की छत वाली झोपड़ीनुमा संरचना में संचालित किया जा रहा है. केंद्र के बाहर किसी प्रकार का नाम पट्ट या सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे आम लोगों को केंद्र की पहचान करने में कठिनाई होती है.

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने का आरोप

आवेदन में कहा गया है कि केंद्र पर बच्चों को निर्धारित मापदंड के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. आरोप है कि बच्चों को दाल और सब्जी के बिना केवल पानी में हल्दी और नमक मिलाकर उबाली गई खिचड़ी परोसी जा रही है, जिससे बच्चों के पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.

समय से पहले केंद्र छोड़ने का भी आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका निर्धारित समय से पहले ही केंद्र छोड़ देती हैं, जिससे बच्चों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

ये भी पढ़ें: कोलकाता के शिवभक्तों की आकर्षक कांवर बनी चर्चा का विषय, कांवरिया पथ पर हर कोई निहार रहा नजारा

कार्रवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी

अश्वनी कुमार दास ने कहा है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों और अभिभावकों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे. उन्होंने प्रशासन से बच्चों के हित में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है.

जांच कर कार्रवाई का मिला आश्वासन

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हुई है.

ये भी पढ़ें : बांका में श्रावणी मेला की तैयारियां अधूरी, 100 KM मार्ग पर कांवरियों के लिए सरकारी सुविधा नदारद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >