बांका में गूंजा हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ, बजरंगबली मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बांका जिले के बजरंगबली मंदिरों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ किया. सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी, जिन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

बांका जिले के विभिन्न हिस्सों में स्थित बजरंगबली मंदिरों में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ किया. सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ जुटने लगी. श्रद्धालुओं ने बजरंगबली की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की. कई मंदिरों में सुबह की महाआरती में श्रद्धालु शामिल हुए.

सुबह पांच बजे खुले मंदिरों के पट

बजरंगबली मंदिरों के साथ जिले के कई अन्य मंदिरों के पट भी सुबह करीब पांच बजे खोल दिए गए. श्रद्धालुओं ने कपूर और घी के दीपक जलाकर हनुमान जी की आरती की. इसके बाद तुलसी के साथ गुड़-चना और बेसन के लड्डू का भोग लगाया गया. मंदिरों में मौजूद पंडितों ने श्रद्धालुओं को तिलक लगाया और पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरित किया.

संकट मोचन मंदिर में सुबह से लगी भक्तों की कतार

पंजवारा बाजार स्थित संकट मोचन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. मंदिर का पट सुबह छह बजे खुला और रात नौ बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहा. मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश मंडल और सचिव विनय भगत ने बताया कि पुजारी बच्चेलाल मिश्रा की ओर से नियमित रूप से श्रृंगार पूजा, आरती, महाआरती, भंडारा और प्रसाद वितरण किया जाता है.

मंगलवार और शनिवार को विशेष आयोजन

मंदिर में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संध्या कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाता है. पूजा-अर्चना के लिए आसपास के गांवों के अलावा झारखंड के विभिन्न गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे. इससे मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा.

भयहरण स्थान और पंचमुखी मंदिर में भी विशेष पूजा

शहर के भयहरण स्थान और बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना हुई. दोनों मंदिरों के पट सुबह पांच बजे ही खोल दिए गए. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामभक्त हनुमान की पूजा की. शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य बजरंगबली मंदिरों में भी शाम को आरती और प्रसाद वितरण होगा.

मंदार के मधुसूदन मंदिर में दिनभर विशेष पूजा

मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भी दिनभर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ. मंदिर के पुजारी के अनुसार सुबह 7.30 बजे पंडित विंदेश्वरी झा उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान की प्रतिमा का महास्नान कराया. दोपहर 12 बजे के बाद भगवान को भोग लगेगा. शाम छह बजे श्रृंगार पूजा और भव्य आरती होगी.

दर्शन के लिए तय रहा मंदिर का समय

श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मधुसूदन मंदिर का पट दोपहर एक बजे दोबारा खोला जायेगा. देर शाम सात बजे मंदिर का पट बंद कर दिया जायेगा. विशेष पूजा और आरती के कारण मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. जिले के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >