कटोरिया की होनहार बेटी रिया राज की मौत से मातम, परिजनों ने एम्स देवघर पर लापरवाही का लगाया आरोप

Medical Negligence Allegation : कटोरिया की मेधावी छात्रा रिया राज की देवघर एम्स में ऑपरेशन के बाद मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

Medical Negligence Allegation : बांका जिले के कटोरिया की 23 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा रिया राज की देवघर एम्स में ऑपरेशन के तीन दिन बाद हुई मौत से पूरे नगर में शोक की लहर है. परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. अस्पताल की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

रीढ़ के ट्यूमर के इलाज के लिए कराया गया था भर्ती

मृतका रिया राज कटोरिया निवासी ठाकुर कुंदन सिंह और रीता सिंह की इकलौती पुत्री थीं. परिजनों के अनुसार, रिया को कुछ दिनों से चलते समय पैरों में लड़खड़ाहट की शिकायत हो रही थी. 20 जुलाई को उसे इलाज के लिए देवघर एम्स ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर होने की जानकारी दी और जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी. इसके बाद 23 जुलाई को उसका ऑपरेशन किया गया.

परिजनों ने इलाज में लापरवाही के लगाए आरोप

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान अस्पताल में कई जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं थीं, जिन्हें बाहर से खरीदकर लाना पड़ा. उनका यह भी कहना है कि ऑपरेशन के बाद रिया को पेशाब आना बंद हो गया, लेकिन सूचना देने के बावजूद चिकित्सक काफी देर बाद देखने पहुंचे. परिवार का आरोप है कि बाद में उन्हें बताया गया कि रिया की किडनी और लीवर फेल हो चुके हैं. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

तीन दिन बाद हुई मौत, पूरे इलाके में शोक

परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद रिया की हालत लगातार बिगड़ती गई. बाद में उसे वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन 25 जुलाई की शाम चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शनिवार देर रात जब एंबुलेंस से उसका शव कटोरिया पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए. पूरे परिवार में मातम का माहौल है.

मेधावी छात्रा थी रिया, जांच की उठी मांग

रिया राज ने बीकॉम की पढ़ाई पूरी करने के बाद बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी. परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं. घटना के बाद नगर पंचायत की चेयरमैन सपना शिवानी सहित कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त किया. पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, चिकित्सकीय लापरवाही की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >