Banka News : शहर के वार्ड संख्या 9 स्थित तारा मंदिर बाबूटोला रेलवे गुमटी के पास सड़क की स्थिति दिनोंदिन खराब होती जा रही है. बांका-बेलहर मुख्य मार्ग पर रेलवे गुमटी के दोनों ओर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण रोजाना राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और दिव्यांगजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
यातायात अव्यवस्था से हर समय बना रहता है हादसे का डर
सामाजिक कार्यकर्ता नवीन कुमार भगत उर्फ प्रदीप भगत ने जिला पदाधिकारी को दिए आवेदन में बताया है कि रेलवे गुमटी के आसपास यातायात संचालन भी पूरी तरह अव्यवस्थित है. सड़क पर बने गड्ढों और अनियंत्रित यातायात के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटे-छोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.
संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि यह मार्ग शहर का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं.
डीएम से सड़क मरम्मत और यातायात व्य: Banka News:धारने की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता नवीन कुमार भगत उर्फ प्रदीप भगत ने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा रेलवे गुमटी के समीप यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है. साथ ही सड़क को गड्ढामुक्त बनाकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी.
