Women Self-Reliance : बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत कुसुमजोररी पंचायत के दहगिलवा गांव स्थित पंचायत सरकार भवन में सोमवार को चांदन प्रखंड दलित (अनुसूचित जाति/जनजाति) महिला विकास बहुउद्देशीय स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित हुई. कार्यक्रम में बिहार सरकार के पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने भाग लेकर महिलाओं को स्वरोजगार और सहकारिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.
बकरी शेड निर्माण की रखी आधारशिला
कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री नंदकिशोर राम ने किया. इस दौरान समिति द्वारा संचालित समेकित बकरी पालन परियोजना के तहत बकरी शेड निर्माण की आधारशिला रखी गई. इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है.
कम लागत में अधिक मुनाफे का माध्यम है बकरी पालन
मुख्य अतिथि नंदकिशोर राम ने कहा कि बकरी पालन कम लागत में अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय है. यह ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और स्थायी आजीविका का प्रभावी माध्यम बन सकता है. उन्होंने कहा कि सहकारिता आधारित योजनाएं सामाजिक और आर्थिक बदलाव की मजबूत कड़ी हैं तथा महिलाओं को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए.
वैज्ञानिक पद्धति अपनाने पर दिया जोर
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने में समिति की भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन करने पर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ती है और पोषण सुरक्षा भी मजबूत होती है.
वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा, भविष्य की योजनाओं पर चर्चा
आमसभा में समिति की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं व विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई. दलित मुक्ति मिशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समिति की सदस्य महिलाएं, जनप्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.
कई अधिकारी और अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डीडीएम अभिषेक आलोक, यूको बैंक के एलडीएम रंजय कुमार, सहकारिता विशेषज्ञ डॉ. राधेश्याम राम और बिहार दलित विकास समिति के निदेशक फादर जोश करियाकाट विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता दलित मुक्ति मिशन के निदेशक महेंद्र कुमार रौशन ने की, जबकि संचालन समाजसेविका रेणू कुमारी ने किया. छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया.
ये भी पढ़ें : बकरी पालन से भागलपुर के किसान संजीव बने मिसाल, आधुनिक तकनीक से कमा रहे बेहतर मुनाफा
