Ration Distribution : बाराहाट प्रखंड में पिछले दो-तीन दिनों से पीओएस (POS) मशीनों का सर्वर लगातार डाउन रहने के कारण मुफ्त राशन वितरण पूरी तरह प्रभावित हो गया है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से राशन वितरण को आसान बनाने के लिए उपलब्ध कराई गई मशीनें अब तकनीकी खराबी के कारण परेशानी का कारण बन गई हैं. इसका सीधा असर हजारों लाभुकों पर पड़ रहा है, जिन्हें समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है.
सुबह से कतार में खड़े, शाम को लौट रहे खाली हाथ
हर दिन सुबह से ही ग्रामीण और गरीब परिवार राशन लेने के लिए जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर पहुंच जाते हैं. महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य लाभुक घंटों अपनी बारी का इंतजार करते हैं, लेकिन सर्वर काम नहीं करने के कारण पूरे दिन इंतजार के बाद भी उन्हें बिना राशन लिए घर लौटना पड़ रहा है. शुक्रवार को भी अधिकांश दुकानों पर यही स्थिति देखने को मिली. राशन नहीं मिलने से लाभुकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
तकनीकी खामी का खामियाजा भुगत रहे डीलर
जन वितरण प्रणाली के डीलरों का कहना है कि वे चाहकर भी उपभोक्ताओं को राशन नहीं दे पा रहे हैं. समस्या मशीन या डीलरों की नहीं, बल्कि विभागीय सर्वर की है. इसके बावजूद नाराज लाभुकों का गुस्सा डीलरों को झेलना पड़ रहा है. डीलरों ने कहा कि सर्वर सामान्य होते ही सभी पात्र लाभुकों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा.
अधिकारी बोले- जल्द दूर होगी तकनीकी समस्या
प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि तकनीकी कारणों से सर्वर में समस्या उत्पन्न हुई है, जिससे राशन वितरण प्रभावित हुआ है. विभाग इस समस्या के समाधान में जुटा हुआ है और जल्द ही सर्वर सामान्य होने की उम्मीद है. उन्होंने लाभुकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि तकनीकी समस्या दूर होते ही नियमित रूप से राशन वितरण शुरू कर दिया जाएगा.
