Banka Weather Update : बांका जिले में शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई. दोपहर में कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रही. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रहा, हालांकि वातावरण में नमी अधिक होने के कारण उमस का असर बना रहा.
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. शुक्रवार को भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है.
तापमान स्थिर, लेकिन नमी बढ़ाएगी परेशानी
पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है. फिलहाल जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
खेती-किसानी पर भी दिख रहा असर
उमस भरी गर्मी और बारिश में आई कमी का असर खेती-किसानी पर भी दिखाई देने लगा है. कुछ दिन पहले हुई बारिश से खेतों में बनी नमी अब तेजी से कम हो रही है. धान की रोपाई वाले क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है. किसान अच्छी बारिश का इंतजार करते हुए लगातार मौसम के पूर्वानुमान पर नजर बनाए हुए हैं.
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि संभावित बारिश को देखते हुए खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें ताकि जलभराव की स्थिति न बने. वहीं गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें. मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखना भी जरूरी बताया गया है.
ये भी पढ़ें : बिहार के 24 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी, बिजली गिरने की भी संभावना
