बांका : जिले में गुरुवार को मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है. सुबह तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हुआ. दिनभर आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, जबकि दोपहर बाद जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश होने पर लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है. जिले में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर तक तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहेगा.
23 अगस्त तक बदलता रहेगा मौसम
बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 23 अगस्त तक बांका में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रह सकती है. इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूरबा हवा चलने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने बांका में भारी बारिश की संभावना नहीं जतायी है. हालांकि, गरज-चमक और तेज हवा के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.
