बाराहाट (बांका). स्वच्छ भारत मिशन और खुले में शौच मुक्त अभियान के तहत बाराहाट प्रखंड को ओडीएफ घोषित किया जा चुका है, लेकिन प्रखंड मुख्यालय स्थित सरकारी कार्यालयों में ही स्वच्छता व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है. बाल विकास परियोजना कार्यालय में शौचालयों की स्थिति लंबे समय से खराब है. कार्यालय में महिला कर्मियों की संख्या अधिक है और साप्ताहिक एवं मासिक बैठकों के लिए बड़ी संख्या में महिला कर्मियों का यहां आना-जाना होता है. ऐसे में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा का दुरुस्त होना जरूरी है, लेकिन यहां स्थिति इसके विपरीत है.
निचले तल का शौचालय बना स्टोर रूम
बाल विकास परियोजना कार्यालय के निचले तल पर बने शौचालय को स्टोर रूम में तब्दील कर दिया गया है. शौचालय के अंदर विभागीय प्रचार-प्रसार में इस्तेमाल होने वाले बोर्ड और अन्य सामान रखे हुए हैं. दरवाजा भी टूटा पड़ा है और परिसर में कूड़ा-कचरा जमा है. ऐसे में कर्मचारियों को शौचालय की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
ऊपरी तल के शौचालय भी बदहाल
प्रथम और द्वितीय तल पर स्थित शौचालय और यूरिनल रूम की स्थिति भी खराब बताई जा रही है. नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण वहां से तेज दुर्गंध आती है. कार्यालय कर्मियों के अनुसार शौचालय के आसपास से गुजरने वाले लोगों को नाक पर रुमाल रखकर निकलना पड़ता है.
महिला कर्मियों को हो रही परेशानी
कार्यालय में महिला कर्मियों की संख्या अधिक होने के कारण शौचालय की खराब स्थिति को लेकर परेशानी और बढ़ गई है. नियमित बैठकों के लिए आने वाली महिला कर्मियों के लिए भी यह स्थिति असुविधाजनक बनी हुई है. स्थानीय कर्मियों और प्रखंडवासियों ने शौचालयों की तत्काल सफाई और मरम्मत कराने की मांग की है.
स्वच्छता जागरूकता फैलाने वाले विभाग पर सवाल
विडंबना यह है कि बाल विकास परियोजना विभाग के माध्यम से महिलाओं और परिवारों को स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा शौचालय के इस्तेमाल के प्रति लगातार जागरूक किया जाता है. ऐसे में विभागीय कार्यालय में ही स्वच्छता सुविधाओं की बदहाली सवाल खड़े करती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि योजनाओं के प्रचार के साथ सरकारी कार्यालयों में उनके बेहतर क्रियान्वयन और रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाना चाहिये.
अधिकारी बोले, जल्द दुरुस्त होगा शौचालय
मामले में सीडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि उन्हें शौचालय की बदहाल स्थिति की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद जल्द ही शौचालय को दुरुस्त कराया जाएगा और सुविधा बहाल की जायेगी.
