जनगणना 2027 की तैयारी तेज, अमरपुर में डीसीएचवी कर्मियों की बैठक, एक अगस्त से ग्रामीण सर्वेक्षण अभियान शुरू

Census 2027 Survey Preparation : भारत की जनगणना 2027 के लिए प्रशासनिक तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं. 1 अगस्त से 30 अगस्त तक ग्रामीण क्षेत्रों में एक व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न आधारभूत सुविधाओं की जानकारी जुटाई जाएगी.

Census 2027 Survey Preparation : भारत की जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में गुरुवार को अमरपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में बीडीओ प्रभात रंजन की अध्यक्षता में डीसीएचवी कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनगणना कार्य के सफल संचालन, सर्वेक्षण प्रक्रिया और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

एक से 30 अगस्त तक चलेगा ग्रामीण सर्वेक्षण

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ प्रभात रंजन ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है. उन्होंने बताया कि एक अगस्त से 30 अगस्त तक ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान कर्मी प्रत्येक पंचायत और गांव में जाकर विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे.

नौ प्रमुख सेक्शन में जुटाई जाएगी जानकारी

बीडीओ ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य को नौ प्रमुख सेक्शन में विभाजित किया गया है. इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन, संचार, विद्युत आपूर्ति, बैंकिंग सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत संसाधनों की स्थिति का आकलन किया जाएगा. इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू कर सकेगी.

मोबाइल ऐप से होगा डेटा अपलोड

उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान जुटाई गई सभी जानकारियों को निर्धारित मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड करना होगा. इससे आंकड़ों का डिजिटल संकलन और विश्लेषण आसानी से किया जा सकेगा. उन्होंने कर्मियों को डेटा संग्रहण में पूरी सावधानी और सटीकता बरतने का निर्देश दिया.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, गलत सूचना या डेटा अपलोड में त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि कोई कर्मी कार्य में कोताही बरतता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

प्रशिक्षण के अनुभव और चुनौतियों पर हुई चर्चा

बैठक में बताया गया कि सभी संबंधित कर्मियों को जिला स्तर पर पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है. गुरुवार की बैठक ब्रीफिंग और फीडबैक सत्र के रूप में आयोजित की गई, जिसमें प्रशिक्षण के अनुभव, संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की गई. बीडीओ ने कहा कि सटीक और अद्यतन आंकड़े किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं.

कई अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद

बैठक में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक कुमार वैभव विकास सहित अन्य संबंधित अधिकारी और डीसीएचवी कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >