परीक्षार्थियों को जूता-मोजा में परीक्षा केंद्र में नहीं मिलेगा प्रवेश
आगामी दो से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.
कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा संपन्न कराने लेकर डीएम व एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग
बांका. आगामी दो से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. डीएम नवदीप शुक्ला एवं एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, गश्ती दंडाधिकारियों, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी सह उड़नदस्ता तथा प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए. ब्रीफिंग के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें. किसी भी स्थिति में अनधिकृत व्यक्ति को परीक्षा परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा. कहा कि जिले के सभी केंद्रों पर दो से 13 फरवरी तक इंटरमीडिएट परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा दो पालियों में होगी. प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक चलेगी. परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा. विलंब से पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा. सुपर जोनल एवं जोनल दंडाधिकारी अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक परीक्षा दिवस के दोनों पालियों में सतत भ्रमणशील रहेंगे तथा अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों की क्षेत्र में उपस्थिति की जांच करते हुए उन्हें कदाचार की रोकथाम एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सक्रिय रहने का निर्देश देंगे. सभी परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे जूता एवं मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेंगे. परीक्षार्थी केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगे.
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रहेगी रोक
प्रत्येक परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर अनिवार्य रूप से तलाशी की व्यवस्था की जायेगी तथा प्रवेश पत्र की जांच के पश्चात ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जायेगा. महिला परीक्षार्थियों से संबंधित परीक्षा केंद्रों पर महिला बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यथा मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर, मैग्नेटिक वॉच, इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच आदि ले जाने पर पूर्णतः रोक रहेगा. कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया है तथा फ्लेक्स बोर्ड व पोस्टर पर आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं प्रदर्शित किया जायेगा. परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है, जिसका दूरभाष संख्या 06424-222225 है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.