बौंसी, (बांका) . शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बौंसी प्रखंड के चार शिक्षकों को प्रमंडल स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया. भागलपुर जिला स्कूल प्रशाल में आयोजित समारोह में क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, भागलपुर प्रमंडल की ओर से चयनित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई. सम्मान पाने वालों में बौंसी बाजार स्थित एलएनडी प्रोजेक्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन कुमार त्रिभुवन, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कैरी के प्रधानाध्यापक राजीव रंजन कुमार, मध्य विद्यालय ललमटिया के शिक्षक शिवेंद्र कृष्ण पांडेय तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरौनी की शिक्षिका रूबी कुमारी शामिल हैं.
नवाचार को बढ़ावा देने में किये गये सम्मानित
शिक्षकों को विद्यालय के शैक्षणिक विकास, नवाचार को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने और शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में उनके योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया. समारोह को संबोधित करते हुए आरडीडी भागलपुर सुभाष कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत समाज और शिक्षा दोनों में सकारात्मक बदलाव ला रही है. उन्होंने कहा कि बदलते दौर में शिक्षकों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है. विभाग शिक्षकों के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान में हरसंभव सहयोग करेगा. कार्यक्रम में भागलपुर डीईओ चंदन कुमार, डीपीओ स्थापना शशि चंदन चौधरी, बांका डीपीओ (समग्र शिक्षा) फारुख रहमान समेत बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे.
