दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में दोनों सवार घायल

दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में दोनों सवार घायल

कटोरिया-बलियामहरा मुख्य मार्ग पर डांड़ीपर के पास हुई दुर्घटना, परिजनों में मचा कोहराम

कटोरिया. कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरिया-बलियामहरा मुख्य सड़क मार्ग पर बुधवार को दो बाइकों के बीच हुई सीधी टक्कर में दोनों चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. दुर्घटना डांड़ीपर मुहल्ला के पास हुई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. घायलों की पहचान डांड़ीपर मुहल्ला निवासी स्व बनारसी मंडल के पुत्र राजेश मंडल (42 वर्ष) व तेलंगवा गांव निवासी गणेश यादव के पुत्र भवेश यादव (23 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, राजेश मंडल अपनी पत्नी के साथ बाइक से बाजार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेलंगवा गांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के चालक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गये. हालांकि, घटना में राजेश मंडल की पत्नी बाल-बाल बच गयीं. सड़क दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों जख्मी युवकों को उठाकर कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया. वहां मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार ने घायल युवकों का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक के अनुसार, दोनों घायलों को उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEEPAK KUMAR CHOUDHARY

DEEPAK KUMAR CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >