अमरपुर से जमीन रजिस्ट्री कराकर बाइक से लौट रहा था युवक
बांका/रजौन. थाना क्षेत्र के राजावर-अमरपुर मार्ग पर रूपसा और पत्तीचक के बीच सुनसान जगह पर मंगलवार की देर शाम अपराधियों ने एक बाइक पर सवार दो लोगों को गोली मार दी. इस घटना में जहां एक की मौके पर मौत हो गयी, वहीं बाइक चालक की पीठ के ऊपरी हिस्से में गोली लगने से जख्मी है जिसका इलाज रजौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराए जाने के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज रेफर किया गया है. हालांकि घटना भूमि विवाद में हिस्सेदारी से जुड़ा बताया जा रहा है गोलीबारी की इस घटना में बाइक सवार रजौन के खैरा निवासी मिथिलेश यादव उर्फ बीडीओ यादव की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक चालक रजौन के बरौनी निवासी कुंदन सिंह अत्यंत गंभीर स्थिति में भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है.घटना को लेकर मृतक के परिजनों में आक्रोश
घटना के बाद घटना स्थल पर रजौन व नवादा बाजार की पुलिस के साथ-साथ बौंसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा कैंप कर रहे हैं. घटना को लेकर मृतक के परिजनों में आक्रोश है. रजौन के थानाध्यक्ष राज रतन, नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, रजौन के एसआई शुभम कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस बल घटना स्थल पर ही देर रात डटे हुए है. मृतक मिथिलेश यादव उर्फ बीडीओ यादव रजौन थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी सेवानिवृत होम गार्ड जवान गौरी यादव का छोटा पुत्र था, जबकि गोली का शिकार जख्मी कुंदन सिंह रजौन थाना क्षेत्र के ही बरौनी गांव के सत्यनारायण सिंह का पुत्र है. मृतक पिछले करीब तीन साल से जमीन खरीद बिक्री का कारोबार करता था. बताया जा रहा है कि रजौन के खैरा स्टेडियम के पास जमीन का प्लॉटिंग कर रहा था. इसमें कई पार्टनर भी थे. मंगलवार को वह अमरपुर से करीब 37 खरीदारों को जमीन रजिस्ट्री करवा कर वापस कुंदन सिंह के साथ बाइक से अपने घर की ओर लौट रहा था और बाइक भी कुंदन ही चला रहा था.
