कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

दवा लेकर घर लौट रहे थे दो दोस्त, मकदुमा मोड़ के समीप तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; चालक फरार

बांका. बांका-अमरपुर मुख्य मार्ग स्थित मकदुमा मोड़ के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद अनियंत्रित कार चालक वाहन लेकर मौके से भागने में सफल रहा. घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मृतक युवक की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के काशपुर गांव निवासी गौरी तांती के 30 वर्षीय पुत्र श्रवण तांती के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, श्रवण अपने दोस्त रूपेश कुमार के साथ बाइक से दवा लेने समुखियामोड़ गया था. दोनों दवा लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी मकदुमा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे व लहुलुहान हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को बांका सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में जांच के उपरांत चिकित्सकों ने श्रवण तांती को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक रूपेश का उपचार जारी है. श्रवण की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव काशपुर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला व शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद फरार हुए कार चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों व प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है. पुलिस पदाधिकारियों का कहना है कि आरोपित चालक व वाहन की पहचान जल्द कर ली जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shubhash baidya

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >