बेलहर (बांका )से अभय कुमार सोनू की रिपोर्ट:
सारण जिले में अपराधियों द्वारा राजस्व कर्मचारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किए जाने की घटना के विरोध में सोमवार को बांका जिले के बेलहर अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया. कर्मचारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और राजस्व कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई.राजस्व कर्मियों पर हमले से बढ़ा डर का माहौल
राजस्व कर्मचारियों ने बताया कि रविवार को सिवान जिले के भगवानपुर के राजस्व कर्मचारी असलम अंसारी सरकारी योजना के तहत किसान रजिस्ट्रेशन कार्य के लिए क्षेत्र में गए थे. काम खत्म कर लौटने के दौरान सारण जिले के सहजीतपुर के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन पर गोली चला दी.गोली लगने से असलम अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बताई जा रही है.
काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध
घटना के विरोध में बेलहर अंचल के राजस्व कर्मचारी सोमवार को काला बिल्ला लगाकर कार्यालय पहुंचे. इस दौरान राहुल कुमार, मौसम कुमार, प्रेम शंकर कुमार, सिद्धनाथ कुमार और मुकेश कुमार पासवान समेत अन्य कर्मचारियों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताया.कर्मचारियों ने कहा कि जमीन विवाद वाले क्षेत्रों में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती है, लेकिन फील्ड में काम करने वाले राजस्व कर्मियों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. ऐसे माहौल में काम करना काफी चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा हो गया है.“भय के माहौल में काम कर रहे कर्मचारी”
राजस्व कर्मियों ने कहा कि उन्हें हमेशा भय के माहौल में काम करना पड़ता है. फील्ड ड्यूटी के दौरान किसी भी समय हमला होने का खतरा बना रहता है. कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए.साथ ही राजस्व कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई गई, ताकि सरकारी कार्यों के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा मिल सके.
