Banka News : जिलाधिकारी के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास निगम, बांका अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन की ओर से मंगलवार को चांदन प्रखंड की सिलजोरी ग्राम पंचायत के पेलवा वार्ड संख्या-6 में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा एवं 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत विशेष सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था.
महादलित समुदाय की महिलाओं और किशोरियों को किया गया जागरूक
कार्यक्रम में महादलित समुदाय की महिलाओं, किशोरों और किशोरियों को बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. साथ ही जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के महत्व और महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ होने वाली हिंसा को रोकने के उपायों पर भी चर्चा की गई.
सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ शेखर कुमार दास और जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीकांत कुमार ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और मिशन शक्ति योजना सहित महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने प्रतिभागियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
हेल्पलाइन नंबर 181 और 1098 के उपयोग की दी जानकारी
केंद्र प्रशासक अंजना भारती ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क कर सकती हैं. वहीं बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर देने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि समय पर सहायता मिल सके.
बाल विवाह रोकने की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीकांत कुमार ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि बाल विवाह सामाजिक बुराई है और इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है.
ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
जागरूकता कार्यक्रम में विकास मित्र मनोज कुमार दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. प्रतिभागियों ने महिला सशक्तीकरण और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.
