Banka Crime News : बेलहर थाना क्षेत्र के बासमता पंचायत अंतर्गत बेला गांव में आपसी विवाद में एक व्यक्ति की गले में फंदा लगाकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने शव को उठाकर बेलहर थाना पहुंचाया, जहां से पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम बेलहर पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई अहम साक्ष्य एकत्रित कर जांच के लिए अपने साथ ले गई. पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी है.
पत्नी ने सात लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक दिनेश यादव (40) की पत्नी बबीता देवी ने बेलहर थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही दामोदर यादव, सौदागर यादव, गाजो यादव, चंदू यादव, सनोज यादव, शंकर यादव और कमलेश यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गुरुवार रात उनके पति शौच के लिए निकले थे, तभी सभी आरोपित उन्हें जबरन बहियार की ओर ले गए. शोर सुनकर वह पीछे पहुंची तो पति जमीन पर पड़े मिले और उनके गले में फंदा लगा हुआ था. उन्हें देखकर सभी आरोपित मौके से फरार हो गए.
जमीन विवाद को माना जा रहा घटना का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक और आरोपितों के बीच लंबे समय से गोतिया के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस भी प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को घटना का संभावित कारण मानकर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि आपसी विवाद में गले में फंदा लगाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें : अमरपुर के किसान राजेश कुशवाहा ने पेश की नई मिसाल, 2 बीघे में 22 क्विंटल 'गरमा धान' की फसल का बंपर उत्पादन
