बाराहाट व पंजवारा में चार अवैध रूप से चल रहे चिकित्सा संस्थान सील, प्रसूता से वसूली मामले में प्राथमिकी दर्ज

सरकारी अस्पताल से प्रसूता को निजी क्लीनिक भेजकर 30 हजार रुपये ऐंठने और मारपीट के मामले में बांका प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. बाराहाट और पंजवारा में चार अवैध चिकित्सा संस्थानों को सील कर दिया गया है. मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है.

बाराहाट / पंजवारा (बांका). सरकारी अस्पताल से प्रसूता को निजी क्लीनिक भेजकर 30 हजार रुपये ऐंठने और मारपीट के बहुचर्चित मामले में बांका जिला प्रशासन ने अवैध चिकित्सा कारोबारियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है. जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के कड़े निर्देश पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त प्रशासनिक टीम ने बाराहाट एवं पंजवारा क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की. जांच दल ने बिना वैध निबंधन और मानकों के विपरीत संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों, पैथोलॉजी लैब और निजी नर्सिंग होम सहित कुल चार चिकित्सा संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है.

बाराहाट में तीन संस्थानों पर गिरी गाज

सीएचसी बाराहाट में प्रसूता से कथित दुर्व्यवहार और बिचौलिया तंत्र के खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने बाराहाट बाजार में सघन छापेमारी की. जांच दल ने भेड़ामोड़ स्थित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र, गोढ़ी टोला स्थित ''नीलम हेल्थ केयर'' नामक निजी नर्सिंग होम तथा बाराहाट थाने के ठीक सामने संचालित एक पैथोलॉजी लैब की औचक पड़ताल की. जांच के दौरान संचालक वैध लाइसेंस, निबंधन और योग्य चिकित्सकों से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह विफल रहे. चिकित्सकीय सुविधाओं में घोर अनियमितता पाए जाने पर टीम ने तीनों संस्थानों को सील कर दिया. इस दौरान एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, थानाध्यक्ष अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ. सुनील कुमार चौधरी, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार और सीएचसी प्रभारी डॉ. नीलांबर नीलय दल-बल के साथ मौजूद रहे.

पंजवारा के गायत्री डायग्नोस्टिक का अल्ट्रासाउंड कक्ष सील

बाराहाट में कार्रवाई के बाद जांच टीम शनिवार देर शाम पंजवारा पहुंची. यहां मुख्य बाजार स्थित गायत्री डायग्नोस्टिक सेंटर का सघन निरीक्षण किया गया. जांच में केंद्र पर अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और पैथोलॉजी का संचालन होता पाया गया. संचालक ने पैथोलॉजी का निबंधन तो प्रस्तुत किया, लेकिन अल्ट्रासाउंड केंद्र के संचालन संबंधी पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत अनिवार्य कागजात या वैध लाइसेंस नहीं दिखा सके. बिना निबंधन अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड का संचालन पाए जाने पर अधिकारियों ने तुरंत अल्ट्रासाउंड मशीन वाले कक्ष को सील कर दिया तथा संचालक को सभी वैध अभिलेखों के साथ जिलाधिकारी के समक्ष पेश होने का अल्टीमेटम दिया.

क्लीनिक संचालकों पर प्राथमिकी, आरोपी एएनएम पर कार्रवाई की तलवार

इधर, बाराहाट सीएचसी में प्रसूता से मारपीट और निजी नर्सिंग होम में इलाज के नाम पर 30 हजार रुपये अवैध वसूली मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है. शनिवार को प्रशासन की मौजूदगी में पूरी राशि पीड़िता मौसमी देवी को सौंप दी गयी. राशि वापसी के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नीलाम्बर निलय समाजसेवी प्रेमप्रकाश यादव समेत अन्य चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे. उधर प्रशासन के इस कदम से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीलांबर नीलय के लिखित आवेदन पर मुख्य बाजार स्थित लाइफ हेल्थ केयर क्लीनिक के संचालक युगल किशोर, सागर कुमार, गिरधारी यादव तथा मकान मालिक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं, मामले में दलाली व संलिप्तता की मुख्य आरोपी सरकारी एएनएम इंदु कुमारी के विरुद्ध कड़ी विभागीय व दंडात्मक कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन को अनुशंसा पत्र भेजा गया है.

निगरानी व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल

एक गरीब प्रसूता के साथ हुए अमानवीय व्यवहार ने क्षेत्र में वर्षों से फल-फूल रहे अवैध निजी चिकित्सा नेटवर्क की पोल खोल दी है. लगातार हुई छापेमारी से यह स्पष्ट हो गया है कि ग्रामीण इलाकों में बिना प्रशिक्षित डॉक्टरों और बिना सरकारी अनुमति के धड़ल्ले से अल्ट्रासाउंड व नर्सिंग होम चल रहे हैं. अब जनता के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या स्वास्थ्य महकमा आगे भी ऐसी नियमित निगरानी रखेगा या फिर यह अभियान महज कुछ दिनों की औपचारिकता बनकर रह जायेगा.

गायत्री डायग्नोस्टिक सेंटर पर कार्रवाई करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >