बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Banka Weather: बिहार में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने का असर बांका जिले में भी देखने को मिल रहा है. लगातार बढ़ते तापमान और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रचंड गर्मी के बीच लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं, हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई है.
40 डिग्री पहुंचा पारा, पंखे भी नहीं दे रहे राहत
जिले में बढ़ती गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिख रहा है. दिनभर सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है, जबकि शाम के समय भी धरती से गर्माहट महसूस की जा रही है. हालात ऐसे हैं कि बिजली से चलने वाले पंखे भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे हैं. उमस भरी गर्मी के कारण घरों और बाजारों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
बारिश का इंतजार, आसमान पर टिकी हैं निगाहें
भीषण गर्मी के बीच किसान और आमजन बारिश की आस लगाए आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं. किसानों का कहना है कि समय पर बारिश नहीं होने से खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो सकते हैं. खासकर धान की रोपनी के लिए अच्छी बारिश का इंतजार किया जा रहा है.
Banka Weather: अगले दो-तीन दिनों में बदल सकता है मौसम
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बांका, भागलपुर, मुंगेर और जमुई जिले के कुछ स्थानों पर अगले दो से तीन दिनों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार के कई जिलों में लू की स्थिति बनी रह सकती है. इसके बाद कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर नरकटियागंज में फूटा गुस्सा, कैंडल और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा
किसानों को मौसम देखकर खेती करने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार सुबह में सापेक्ष आर्द्रता 60 से 70 प्रतिशत और दोपहर में 25 से 30 प्रतिशत रहने की संभावना है. वहीं 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवा चल सकती है. कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर खेती-किसानी के कार्य करने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर नरकटियागंज में फूटा गुस्सा, कैंडल और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा
