आज बांका में बारिश के आसार, तेज आंधी-गरज के साथ उमस से मिलेगी राहत

बांका जिले में मानसून की सक्रियता के साथ ही लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है. जानिए कब तक रहेगा यह मौसम का मिजाज.

बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट

Banka Weather Today: बांका जिले में मानसून अब सक्रिय होता नजर आ रहा है. लंबे समय से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को मंगलवार को राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार बांका, भागलपुर और आसपास के इलाकों में आज गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है. हालांकि शुरुआती बारिश के बाद कुछ समय के लिए उमस महसूस हो सकती है, लेकिन तापमान में गिरावट से मौसम पहले की तुलना में अधिक राहतभरा रहेगा.

40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

9 जुलाई तक बारिश और वज्रपात के आसार

बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 9 जुलाई तक बांका जिले में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं जिले के एक-दो इलाकों में भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है.

तापमान और आर्द्रता का रहेगा यह हाल

इस अवधि में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 70 से 75 प्रतिशत तथा दोपहर में 30 से 40 प्रतिशत रह सकती है. दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

किसानों के लिए जरूरी सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि संभावित बारिश को देखते हुए खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे. गरज-चमक और तेज आंधी के दौरान खेतों में काम करने से बचें तथा मौसम सामान्य होने के बाद ही कृषि कार्य शुरू करें.

वज्रपात के दौरान बरतें ये सावधानियां

मौसम विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों या खुले स्थानों पर खड़े न रहें. खराब मौसम में सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में रहें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें. मानसून की सक्रियता के साथ आने वाले दिनों में जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे भीषण उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.

ये भी पढ़ें : आज पूरे बिहार में आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश, अगले 5 दिनों तक के लिए अलर्ट जारी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amit Kumar Sinh

Published by: Amit Kr Sinha

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >