बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट.
Banka Weather Alert: बांका में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है. तेज धूप, उमस और चढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलने की चेतावनी दी है. हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादल छाने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना से लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
सुबह से ही घरों में कैद हो रहे लोग
जिले में पिछले दो दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है. सुबह होते ही सूरज की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है. बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम हो रही है. तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं.
मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार भी जा सकता है.
तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विज्ञान विभाग ने बांका जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार विभिन्न स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली कड़कने की भी संभावना है.
विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
खेती-किसानी के लिए क्या है मौसम का संकेत
बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 10 जून तक जिले के एक-दो स्थानों पर आंधी के साथ हल्की वर्षा हो सकती है. इस दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा.
पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय आर्द्रता 70 से 75 प्रतिशत और दोपहर में 20 से 25 प्रतिशत तक रह सकती है.
राहत भी, चुनौती भी
मौसम का यह बदलता मिजाज लोगों के लिए राहत और चुनौती दोनों लेकर आया है. जहां बादल और हल्की बारिश से गर्मी कम हो सकती है, वहीं तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका लोगों की चिंता बढ़ा रही है. ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखना और सतर्क रहना बेहद जरूरी है.
Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर
