बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Banka Temple News: बांका शहर मंगलवार को पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया. शहर के प्रसिद्ध भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर, पुरानी ठाकुरबाड़ी, शनि मंदिर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. सुबह 5 बजे मंदिरों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. दिनभर पूजा-पाठ और दर्शन का सिलसिला चलता रहा, जबकि संध्या होते-होते मंदिर परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठे.
सुबह से ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मंदिरों के पट खुलने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की विधिवत पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामना की. मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा और भक्तों की आवाजाही लगातार जारी रही.
भयहरण स्थान के पुजारी दिनेश झा ने बताया कि विशेष अवसर पर भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई. श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजा कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया.
Banka Temple News: महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब
संध्या समय भयहरण स्थान सहित अन्य मंदिरों में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया. शहर के विभिन्न मोहल्लों से पहुंचे श्रद्धालु आरती में शामिल हुए. घंटों, शंखध्वनि और भजन-कीर्तन के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. भगवान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा और श्रद्धालु भाव-विभोर होकर आरती में सहभागी बने.
महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान की आराधना की. धार्मिक अनुष्ठानों के कारण मंदिरों में देर शाम तक भक्तों की भीड़ बनी रही.
मंदार के मधुसूदन मंदिर में भी जारी रही पूजा
उधर, विश्व प्रसिद्ध मंदार पर्वत स्थित मधुसूदन मंदिर में भी पूर्व की भांति नियमित पूजा-अर्चना संपन्न हुई. दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान मधुसूदन के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक गतिविधियां संचालित होती रहीं.
संध्या आरती के बाद सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पूजा-अर्चना का समापन किया. आस्था, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस धार्मिक आयोजन ने शहर के माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया.
