बांका में मानसून रहेगा सक्रिय, आज बारिश के साथ गरज-चमक के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

बांका जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों में तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना है. किसानों को अपनी फसलों की विशेष निगरानी करने की सलाह दी गई है.

बांका जिले में मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं. मौसम विभाग ने बुधवार के लिए जिले में येलो अलर्ट जारी किया है. पूर्वानुमान के अनुसार जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी है.

घने बादलों के बीच चलेगी पुरवा हवा

बुधवार को बांका में आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है. करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चल सकती है. हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस का असर भी बना रहेगा. बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है. अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

सुबह के समय आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर और रात में बढ़कर 86 से 89 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है.

दो सितंबर तक बारिश के आसार

बिहार कृषि विश्वविद्यालय ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जारी पूर्वानुमान के अनुसार दो सितंबर तक बांका समेत दक्षिण बिहार के जिलों में घने बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान बांका में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

किसानों को फसल की निगरानी की सलाह

मौसम को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है. धान की फसल में कम बारिश की स्थिति में खरपतवार की वृद्धि बढ़ सकती है. ऐसे में समय पर निराई-गुड़ाई करने को कहा गया है. खरीफ मक्का में तना बेधक के प्रकोप पर नजर रखने तथा लक्षण दिखाई देने पर अनुशंसित दवा का प्रयोग करने की सलाह दी गयी है.

वहीं अरहर की फसल में आवश्यकतानुसार गैप फिलिंग, छंटाई और निराई-गुड़ाई करते रहने को कहा गया है. सितंबर में बोई जाने वाली अरहर समेत अन्य फसलों के लिए खेत की तैयारी समय पर पूरी करने की सलाह दी गयी है.

खराब मौसम में सुरक्षित जगह पर रहें

येलो अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने आमलोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास नहीं रहने की सलाह दी गयी है. गरज-चमक और तेज हवा के दौरान पक्के मकान या किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर शरण लेने को कहा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >