अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट
Banka News : प्रखंड के सलेमपुर पंचायत अंतर्गत पुरनचक गांव के वार्ड संख्या 12 में पिछले चार माह से जलजमाव की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. नाले के गंदे पानी के बीच रहने को मजबूर ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को फूट पड़ा. वार्डवासियों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और अविलंब समस्या के समाधान की मांग की.
प्रदर्शन में शामिल मीरा देवी, सुलोचना कुमारी, कल्पना देवी, पूनम देवी, रिंकु देवी, कल्याणी कुमारी, तुलसी देवी और जयप्रकाश सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड के कुशवाहा टोला से स्व. बेचन मंडल की गली तक पक्का नाला का निर्माण कराया गया था, जिससे घरों का पानी गांव के समीप स्थित सदाबह डांढ़ में निकल जाता था. लेकिन कुछ लोगों द्वारा डांढ़ का अतिक्रमण कर लेने से नाले के पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है.
बीमारियों के फैलने का खतरा
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले चार महीनों से नाले का गंदा पानी वार्ड के बीचो-बीच जमा है. गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है. जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ गया है.
ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड में जलनिकासी की समस्या के साथ-साथ पेयजल संकट भी विकराल रूप धारण कर चुका है. करीब पांच वर्ष पूर्व हर घर नल का जल योजना के तहत लोगों को पानी का कनेक्शन दिया गया था, लेकिन आज तक अधिकांश घरों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
वार्डवासियों ने बताया कि समस्या के समाधान को लेकर सीओ, प्रमुख और पंचायत समिति को कई बार लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बीच स्थित हेमंत कुमार के कैफे तक पहुंचने में भी लोगों को जलजमाव और कीचड़ के कारण काफी परेशानी होती है. पेंशन और अन्य कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी और पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
