खेत से लौट रहे किसान की कुएं में गिरकर मौत, रातभर तलाश के बाद सुबह मिला शव

नियामतपुर गांव में खेत से सिंचाई कर लौट रहे 50 वर्षीय किसान शिव पासवान की कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. रातभर तलाश के बाद गुरुवार सुबह कुएं के पास उनका गमछा मिलने पर ग्रामीणों ने शव बरामद किया.

बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत नियामतपुर गांव में खेत से सिंचाई का काम कर घर लौट रहे 50 वर्षीय किसान की कुएं में गिरने से मौत हो गई. देर रात घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन गुरुवार सुबह कुएं के पास गमछा मिलने के बाद ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया.

अंधेरे में नहीं दिखाई दिया कुआं

मृतक की पहचान नियामतपुर गांव निवासी 50 वर्षीय शिव पासवान के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह बुधवार रात खेत में पटवन का काम पूरा कर घर लौट रहे थे. रास्ते में अंधेरा होने के कारण सड़क किनारे स्थित कुआं उन्हें दिखाई नहीं पड़ा और वह उसमें गिर गए, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गयी.

रातभर खोजबीन के बाद सुबह मिला शव

परिजनों ने बताया कि देर रात तक शिव पासवान के घर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं के पास उनका गमछा देखा, जिसके बाद संदेह होने पर कुएं में झांककर देखा गया तो शव पानी में तैरता मिला. ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि एवं बांका मानवाधिकार जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने रजौन पुलिस को सूचना दी. एसआई विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक अपने पीछे पत्नी मंजू देवी, 18 वर्षीय पुत्र महेश कुमार, बेटियां रितु कुमारी, आयुषी कुमारी तथा एक विवाहित बड़ी बेटी को छोड़ गए हैं. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

फॉरेंसिक टीम भी कर रही जांच

रजौन थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश कुएं में गिरने का प्रतीत होता है. खेत से घर लौटते समय अंधेरे के कारण किसान कुएं को नहीं देख सके. मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम सहित पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >