बांका में आज मंडी का भाव : दलहन-तेलहन में तेजी, परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर असर
Banka News : बांका की मंडी में विगत दिनों से खाद्यान्न सहित अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की दामों में अस्थिरता बनी हुई है. माल ढुलाई में परिवहन लागत में हुए बढ़ोतरी का साफ असर बाजार में देखा जा रहा है. हालांकि फिलवक्त खाद्यान्न सहित अन्य जिंसों के भाव स्थिर है. लेकिन आलू व प्याज के दाम में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है.
Banka News : शहर के व्यवसायिक मंडी में बुधवार को खाद्य वस्तुओं की आवक के अनुसार कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया. दलहन, तेलहन, सरसों और मसाला श्रेणी के उत्पादों में तेजी बनी रही, जबकि गेहूं, मक्का, आलू और प्याज जैसी आवश्यक वस्तुओं के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया. व्यापारियों के अनुसार ट्रांसपोर्टिंग लागत और ईंधन कीमतों में वृद्धि इसका प्रमुख कारण है.
परिवहन लागत बढ़ने से बाजार पर दबाव
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हाल के दिनों में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और परिवहन व्यवस्था पर दबाव के कारण माल ढुलाई महंगी हो गई है. इसका सीधा असर थोक से लेकर खुदरा बाजार तक देखने को मिल रहा है. लंबी दूरी से आने वाले माल पर अधिक भाड़ा लगने के कारण कई जिंसों की कीमतों में तेजी दर्ज की जा रही है. विक्रेताओं के अनुसार आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने से बाजार में अस्थिरता बनी हुई है.
अनाज बाजार में मिला-जुला रुख
मंडी में गेहूं 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल और मक्का 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है. चावल की विभिन्न किस्मों में भी अलग-अलग भाव दर्ज किए गए हैं. मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल, अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये प्रति क्विंटल तथा बासमती चावल 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. व्यापारियों के अनुसार मांग सामान्य बनी हुई है, लेकिन परिवहन लागत के कारण कीमतों में स्थिरता नहीं दिख रही.
दलहन और सरसों में तेजी का रुख
दलहन बाजार में मसूर दाल 6000 से 6550 रुपये प्रति क्विंटल और मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार कर रही है. अरहर दाल में सबसे अधिक तेजी देखी जा रही है, जिसका भाव 11500 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. गोटा चना 6200 से 6400 रुपये और गोटा मूंग 8500 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर उपलब्ध है. सरसों और तेलहन बाजार में भी तेजी बनी हुई है, जहां पीली सरसों 7300 से 7550 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों तेल (15 लीटर) 2070 से 2470 रुपये तक बिक रहा है.
सब्जी बाजार में भी दिखा असर
आलू और प्याज की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव जारी है. आलू 1200 से 1450 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है. व्यापारियों का कहना है कि आपूर्ति और ट्रांसपोर्ट लागत में बदलाव के कारण इन जिंसों की कीमतें लगातार बदल रही हैं. आने वाले दिनों में मांग और आपूर्ति के अनुसार बाजार की दिशा तय होगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.