Banka ED Raid: बांका शहर के लालकोठी स्थित महादेव इंक्लेव प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), पटना की टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही. इस दौरान कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद रखा गया. स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में ईडी अधिकारियों ने कार्यालय के भीतर विभिन्न दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की.
दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच
सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम ने कंपनी के दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक खातों से जुड़े अभिलेख और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की. हालांकि इस कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
बालू खनन मामले से जुड़ी बतायी जा रही कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई कथित अवैध बालू खनन और उससे जुड़े धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है. बताया जा रहा है कि यह जांच प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 17 के तहत की जा रही है.
आठ स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की चर्चा
Banka ED Raid: जानकारी के अनुसार ईडी ने इस मामले में बांका के अलावा पटना, एनसीआर दिल्ली, राजस्थान के श्रीगंगानगर और जयपुर समेत कुल आठ स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. जांच के दौरान खनन से जुड़े दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
131 करोड़ रुपये के कथित अवैध खनन का मामला
सूत्रों के अनुसार यह मामला वित्तीय वर्ष 2015-16 से 2022-23 के बीच कथित रूप से हुए लगभग 131 करोड़ रुपये के अवैध बालू खनन से जुड़ा है. बताया जाता है कि ईडी ने एक जनवरी 2024 को आईआईटी पटना से बालू घाटों का जियोस्पेशियल विश्लेषण कराने का अनुरोध किया था. विश्लेषण रिपोर्ट के आधार पर कथित अनियमितताओं की जानकारी संबंधित विभागों को भेजी गई. इसके बाद बिहार सरकार के खनन एवं भू-विज्ञान विभाग की ओर से 21 अगस्त 2025 को पटना में कांड संख्या 265/25 दर्ज कराया गया था, जिसकी जांच ईडी कर रही है.
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल ईडी ने छापेमारी के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. जांच पूरी होने और एजेंसी की आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.
नोट- खबर अपडेट की जा रही है.
