Banka Bridge Inauguration: बांका सदर प्रखंड के रामपुर गांव में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत 3.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी उच्च स्तरीय पुल का गुरुवार को लोकार्पण किया गया. बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं बांका विधायक रामनारायण मंडल ने फीता काटकर पुल का उद्घाटन किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. ग्रामीण लंबे समय से इस पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे. पुल बनने से विशेषकर बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन की बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
किसानों, छात्रों और मरीजों को मिलेगी सुविधा
उन्होंने बताया कि पुल बनने से किसानों, छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा. आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी पहले की तुलना में अधिक आसान होगा. इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी.
338.71 लाख रुपये की लागत से हुआ निर्माण
पूर्व मंत्री ने बताया कि कटेली मोड़–जेठा पीएमजीएसवाई सड़क से रामपुर जाने वाले मार्ग पर 338.71 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया गया है. पुल की लंबाई 38.76 मीटर तथा पहुंच पथ की लंबाई 20 मीटर है. इस परियोजना से आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरा होने पर राज्य सरकार और ग्रामीण कार्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया. लोगों ने कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे और ग्रामीणों का जीवन पहले से अधिक आसान होगा.
इन लोगों की मौजूदगी रही
Banka Bridge Inauguration: कार्यक्रम में एसडीएम राजकुमार, सदर एसडीपीओ अमर विश्वास, प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्पूरी ठाकुर, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता रमेश कुमार, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुभाष साह, पंकज घोष, उज्ज्वल सिन्हा, मिथुन कुमार, मुखिया नुनेश्वर यादव, सुशील पंडित, जनार्दन यादव, मृत्युंजय सिन्हा, महिपाल यादव, राजेश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
ALSO READ: कटोरिया अस्पताल में एएनएम ने असहाय वृद्धा को अपने हाथों से खिलाया भोजन, वीडियो ने जीता लोगों का दिल
