सात साल में ही बदहाल हुआ बदुआ नदी का पुल, फिर उभरी तकनीकी खामियां, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Badua Rive Bridge Inspection : रायपुरा के पास बदुआ नदी पुल में सात साल के भीतर बार-बार सामने आ रही तकनीकी खराबी लोगों की चिंता बढ़ा रही है. पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया है.

Badua Rive Bridge Inspection : शंभुगंज–असरगंज मुख्य मार्ग पर रायपुरा गांव के समीप बदुआ नदी पर बने पुल की स्थिति लगातार चिंता बढ़ा रही है. निर्माण के सात वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन बार-बार सामने आ रही तकनीकी खराबियों के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों में चिंता बढ़ गई है. शिकायतों के बाद पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को पुल का निरीक्षण किया.

पुल के जॉइंट और संपर्क पथ में फिर आई खराबी

रायपुरा गांव के पास स्थित बदुआ नदी पुल के जॉइंट और संपर्क पथ में एक बार फिर तकनीकी खामियां सामने आई हैं. लगातार शिकायत मिलने पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सिंह, सहायक अभियंता बिनोद कुमार दास और कनीय अभियंता कोमल कुमारी ने मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया.

15 दिन पहले हुई थी मरम्मत, फिर उभरी समस्या

जानकारी के अनुसार बांका और मुंगेर को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के जॉइंट और संपर्क पथ की अब तक कई बार मरम्मत कराई जा चुकी है. करीब 15 दिन पहले भी जॉइंट की मरम्मत की गई थी, लेकिन इतने कम समय में दोबारा तकनीकी खामियां सामने आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.

अधिकारियों ने जल्द मरम्मत का दिया भरोसा

निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता ने बताया कि जिन स्थानों पर तकनीकी जर्जरता पाई गई है, वहां शीघ्र मरम्मत कराई जाएगी ताकि आवागमन प्रभावित न हो और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

श्रावणी मेला में बढ़ जाता है यातायात का दबाव

यह पुल बांका और मुंगेर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. श्रावणी मेला के दौरान इस सड़क पर वाहनों का दबाव और अधिक बढ़ जाता है. ऐसे में पुल की तकनीकी खराबी लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है.

स्थानीय लोगों ने की स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार अस्थायी मरम्मत कराने से समस्या का समाधान नहीं हो रहा है. उन्होंने विभाग से पुल की तकनीकी जांच कर स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >