बांका. यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बांका शहर के गांधी चौक पर जल्द ही ऑटोमैटिक ई-चालान व्यवस्था शुरू होने जा रही है. पटना की तर्ज पर शुरू की जा रही इस व्यवस्था के लिए गांधी चौक पर हाई क्वालिटी कैमरे और ट्रैफिक लाइट लगाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और इसी सप्ताह से ऑटोमैटिक ई-चालान शुरू होने की संभावना है.
नियम तोड़ते ही कैमरे में कैद होगा वाहन, दो स्तर पर होगा सत्यापन
गांधी चौक पर लगाए जा रहे कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की तस्वीर और नंबर प्लेट स्वतः सिस्टम में दर्ज हो जाएगी. इसके बाद ई-चालान जारी करने से पहले दो स्तर पर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा.
सत्यापन के बाद वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ई-चालान और जुर्माने से संबंधित संदेश भेजा जाएगा. अधिकारियों के अनुसार तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों को भी ई-एविडेंस के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा.
खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर जुर्माने के साथ दर्ज होगा केस
यातायात पुलिस के अनुसार खतरनाक ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि नियमानुसार मामला भी दर्ज किया जा सकता है. तेज रफ्तार, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. कैमरों और डिजिटल साक्ष्य की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान की जाएगी, जिससे प्रवर्तन कार्रवाई अधिक प्रभावी हो सके.
90 दिनों तक जुर्माना नहीं भरने पर वाहन हो सकता है ब्लैकलिस्ट
अधिकारियों के अनुसार ई-चालान जारी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत यदि 90 दिनों के भीतर जुर्माना राशि जमा नहीं की जाती है तो वाहन को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है. वाहन ब्लैकलिस्ट होने की स्थिति में उससे संबंधित कई परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. विभाग वाहन मालिकों से समय पर चालान की जानकारी प्राप्त करने और नियमानुसार जुर्माना जमा करने की अपील करेगा.
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
वाहन के नंबर प्लेट में किसी प्रकार की छेड़छाड़ करने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है. ऐसे मामलों की सूची एमवीआई और संबंधित अधिकारी जिला परिवहन पदाधिकारी को उपलब्ध करा सकते हैं.
प्रस्ताव और नियमानुसार जांच के बाद संबंधित चालक के ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई की जा सकती है.
ट्रैफिक सिग्नल और स्टॉप लाइन पर रखना होगा विशेष ध्यान
गांधी चौक पर ट्रैफिक सिग्नल के साथ टाइमर व्यवस्था भी लागू की जा रही है. वाहन चालकों को रेड सिग्नल होने पर स्टॉप लाइन के पीछे वाहन रोकना होगा. स्टॉप लाइन पार करने पर कैमरा वाहन की तस्वीर कैद कर सकता है. पीली बत्ती होने पर वाहन की रफ्तार कम करने और जल्दबाजी में चौराहा पार नहीं करने की सलाह दी गई है. ग्रीन सिग्नल के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित तरीके से समय पर चौराहा पार करना होगा.
बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और तेज रफ्तार पर भी नजर
नई व्यवस्था में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले और अन्य यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालक कैमरों की निगरानी में रहेंगे.
वाहन चालकों को अपने मोबाइल नंबर को परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में अपडेट रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि चालान जारी होने पर उन्हें तुरंत एसएमएस के माध्यम से सूचना मिल सके.
यातायात डीएसपी ने कहा, इसी सप्ताह शुरू होगा ऑटोमैटिक ई-चालान
यातायात डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और चौराहों पर जाम से बचने के लिए गांधी चौक पर ऑटोमैटिक ई-चालान की शुरुआत की जा रही है. उन्होंने कहा कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और इसी सप्ताह से ऑटोमैटिक ई-चालान शुरू होने की संभावना है. 45 सेकंड के भीतर निर्धारित तरीके से ट्रैफिक सिग्नल पार नहीं करने, बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, स्टॉप लाइन पार करने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी.
