बांका: किस्त न चुकाने पर बैंक ने जब्त किया टोटो, आर्थिक तंगी से तंग चालक ने पत्नी को वीडियो कॉल कर की खुदकुशी

आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक टोटो चालक ने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद आत्महत्या कर ली. कर्ज और टोटो जब्त होने से परेशान गौतम मंडल ने यह खौफनाक कदम उठाया. घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है.

पंजवारा/बांका. आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह से परेशान एक टोटो चालक ने गोड्डा के रौतारा चौक के पास किराये के मकान में आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रणगांव पंचायत के रणगांव निवासी गौतम मंडल (44) के रूप में हुई है. घटना गत सोमवार देर रात की बतायी जा रही है. बताया गया कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले गौतम ने अपनी पत्नी सुनीता देवी से वीडियो कॉल पर बात की थी.

टोटो की किस्त नहीं चुका पाने पर बैंक ने किया था जब्त

मृतक के पिता वकील मंडल ने बताया कि गौतम ने कुछ समय पहले बैंक से फाइनेंस पर टोटो खरीदा था. आर्थिक तंगी के कारण वह इसकी किस्त समय पर नहीं चुका पा रहा था. इसके बाद फाइनेंस कर्मियों ने टोटो जब्त कर लिया था. टोटो जब्त होने के बाद गौतम करीब दो महीने के लिए दिल्ली चला गया था, जहां वह ट्रांसपोर्टिंग के क्षेत्र में मजदूरी करता था. वह गत शुक्रवार को ही दिल्ली से वापस लौटा था. परिजनों के अनुसार कर्ज की परेशानी को लेकर घर में लगातार विवाद होता था और वह तनाव में रहता था.

पत्नी से वीडियो कॉल पर की बात, फिर उठाया आत्मघाती कदम

बताया गया कि सोमवार देर रात गौतम ने अपनी पत्नी सुनीता देवी को वीडियो कॉल किया. बातचीत खत्म होने के बाद उसने कॉल काट दिया और आत्महत्या कर ली. वीडियो कॉल के बाद किसी अनहोनी की आशंका से परिजन चिंतित हो गए और आनन-फानन में गोड्डा के रौतारा पहुंचे.

हालांकि परिजन जब वहां पहुंचे, तब तक गौतम की मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलने पर गोड्डा सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया.

पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया शव

पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. मंगलवार को गौतम का शव उसके पैतृक गांव रणगांव लाया गया. शव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

मां आंगनबाड़ी सेविका, पिता बच्चों को पढ़ाते हैं

जानकारी के अनुसार गौतम की मां सुगंधा देवी गांव में आंगनबाड़ी सेविका हैं, जबकि पिता वकील मंडल गांव में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं. गौतम की पत्नी सुनीता देवी गृहिणी हैं.

ग्रामीणों के अनुसार गौतम का पुत्र अंशुल कुमार नौवीं कक्षा में और पुत्री साक्षी कुमारी सातवीं कक्षा में पढ़ती है. घटना के बाद दोनों बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के मुताबिक परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. बताया जा रहा है कि गौतम पर अन्य लोगों का भी कर्ज था, जिससे वह आर्थिक परेशानी और तनाव से जूझ रहा था.

पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शुरू की जांच

टाउन थानाध्यक्ष शिवदयाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया. मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >