अमरपुर( बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट:
अमरपुर-कजरैली मुख्य मार्ग में कुल्हडिया गांव के समीप शुक्रवार की सुबह पिकअप के धक्के से एक बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी बाइक चालक ढ़ोरियाटीकर गांव निवासी मुन्ना कुमार यादव बताया जा रहा है.बताया जा रहा है कि वह भागलपुर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कुल्हड़िया गांव के समीप तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया. वहां मौजूद डॉक्टर अमित कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया.खतरनाक मोड़, पर नहीं है कोई चेतावनी बोर्ड
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुल्हड़िया चौक लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है. सड़क पर तीखा मोड़ होने के बावजूद पथ निर्माण विभाग की ओर से कोई चेतावनी संकेतक या सावधानी बोर्ड नहीं लगाया गया है. इससे बाहर से आने वाले वाहन चालक अचानक मोड़ को समझ नहीं पाते और हादसे का शिकार हो जाते हैं.पहले भी इस पथ पर हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों के मुताबिक यहां पहले भी कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों ने सवाल उठाया कि जब यह इलाका लगातार हादसों के लिए बदनाम है तो सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं.लोगों ने विभाग से की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से जल्द चेतावनी बोर्ड लगाने और सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है.लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो आगे भी ऐसे हादसे होते रहेंगे. फिलहाल घायल युवक का इलाज भागलपुर में चल रहा है.
