Banka News : दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में छह लोग घायल, चार की हालत गंभीर, देवघर रेफर

विश्वकर्मा नगर गांव के समीप अचानक दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई और सभी लोग गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :

बांका जिले के कटोरिया-सुईया मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. विश्वकर्मा नगर गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों पर सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया.

सड़क पर तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक काफी तेज गति में थीं. घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. कटोरिया सीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने सभी का प्राथमिक उपचार किया.

दो महिलाओं समेत छह लोग घायल

हादसे में एक बाइक पर सवार भोंड़ीसीमर गांव निवासी कमरूद्दीन अंसारी, उनकी पत्नी सेहरा बीबी और पीपरा-तीनसीमानी गांव निवासी सुबीना बीबी घायल हुईं. वहीं दूसरी बाइक पर कुरूमटांड़ गांव निवासी मो तासीर अंसारी, उनका पुत्र मो दाउद और घोरमारा गांव निवासी अंशु मियां सवार थे.

डॉक्टरों ने बताया कि कमरूद्दीन अंसारी, मो तासीर, मो दाउद और अंशु मियां की हालत गंभीर थी. सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर रेफर किया गया है.

अलग-अलग गांव जा रहे थे दोनों बाइक सवार

जानकारी के मुताबिक आनंदपुर थाना क्षेत्र के कुरूमटांड़ गांव निवासी मो दाउद अपने पिता और रिश्तेदार के साथ घोरमारा गांव जा रहे थे. वहीं जयपुर थाना क्षेत्र के भोंड़ीसीमर गांव निवासी कमरूद्दीन अंसारी अपनी पत्नी और रिश्तेदार महिला के साथ सतलेटवा गांव जा रहे थे.

इसी दौरान विश्वकर्मा नगर गांव के पास दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं. हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन और रिश्तेदार भी कटोरिया अस्पताल पहुंच गए.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >