अमरपुर. प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर प्राक्कलन का बोर्ड लगाए बगैर ही विभिन्न योजनाओं के कार्य कराए जा रहे हैं. कार्य स्थल पर प्राक्कलन से संबंधित बोर्ड नहीं लगाए जाने की वजह से लोगों को कार्य की पूर्ण जानकारी नहीं मिल पाती है. ऐसे में संवेदक मनमाना ढंग से कार्य करते हैं. कई लोगों ने बताया कि कार्य से पूर्व बोर्ड लग जाने की स्थिति में लोग वहां हो रहे कार्यों की गुणवत्ता सहित अन्य चीजों को देखने लगते हैं. इससे बचने के लिए संवेदक द्वारा कार्य से पूर्व बोर्ड नहीं लगाया जाता है, जबकि प्रावधान के मुताबिक कार्य शुरू करने से पूर्व स्थल पर बोर्ड लगाना अनिवार्य है. इसमें निर्माण से संबंधित सारी जानकारी देनी होती है. इसी कड़ी में ताजा मामला नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित पैन बांध पर निर्माणाधीन छठ घाट से जुड़ा हुआ है, जहां खुलेआम अनियमितता और नियमों की अनदेखी सामने आयी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है. ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि यह कार्य किस योजना के तहत हो रहा है, इसकी लागत कितनी है और निर्माण कार्य के संवेदक कौन हैं. ऐसे में यहां यह सरकारी नियमों का सीधा उल्लंघन माना जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, घाट निर्माण में गुणवत्ता की भारी अनदेखी की जा रही है. जहां निर्धारित मानकों के अनुसार चिमनी ईंटों का उपयोग होना चाहिए था, वहां टूटे-फूटे और छालटी ईंटों से काम कराया जा रहा है. इसके अलावा कार्य में मिट्टी युक्त बालू का इस्तेमाल हो रहा है, जिससे निर्माण की मजबूती पर भी सवाल उठने लगे हैं. कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों से पूछताछ की गयी तो उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा जो सामग्री दी जाती है, उसी से काम किया जा रहा है. मामले को लेकर वार्ड के पार्षद तारा देवी के पुत्र शिवेंद्र कुमार ने बताया कि नगर पंचायत के द्वारा करीब 18 लाख रुपये की लागत से यह निर्माण कार्य टेंडर के माध्यम से कराया जा रहा है. मामले की शिकायत मिलने पर जब वे स्थल पर पहुंचे तो जांच में कई अनियमितताएं सामने आयी. इसके बाद उन्होंने तत्काल काम रुकवाया और इसकी सूचना कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार को दी. हालांकि आरोप है कि ठेकेदार ने नियमों को नजर अंदाज करते हुए दोबारा काम शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, ठेकेदार के मुंशी द्वारा धमकी भी दी गयी कि जो करना है कर लो, काम नहीं रुकेगा. मामले को लेकर कनीय अभियंता विपिन कुमार ने बताया कि उन्हें इस कार्य से संबंधित कोई जानकारी नहीं है. मामला मीडिया के जरिए सामने आया है, फिलवक्त काम को रोक दिया गया है. वहीं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने आज निर्माण कार्य की जांच करने की बात कहीं है. उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी.
छठ घाट निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप, कार्यस्थल पर नहीं लगा है प्राक्कलन बोर्ड
प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर प्राक्कलन का बोर्ड लगाए बगैर ही विभिन्न योजनाओं के कार्य कराए जा रहे हैं.
