बाराहाट. थाना क्षेत्र के नेमुआ गांव के समीप भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बने यात्री शेड पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों का आरोप है कि यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए इस यात्री शेड का उपयोग कुछ लोग निजी कार्यों के लिए कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, यात्री शेड के भीतर पशुओं का चारा, घास-भूसा, उपले तथा जलावन सामग्री रख दी गई है. इसके कारण यात्रियों के बैठने और धूप एवं बारिश से बचने की व्यवस्था प्रभावित हो गई है. इस मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले लोगों को वाहन का इंतजार सड़क किनारे खड़े होकर करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्री शेड पर अतिक्रमण की शिकायत कई बार प्रशासन को दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इससे ग्रामीणों और यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से यात्री शेड को अतिक्रमण मुक्त कराकर आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जे के कारण आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. इस संबंध में अंचलाधिकारी विकास कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी. जांच में तथ्य सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
नेमुआ में यात्री शेड पर अतिक्रमण का आरोप, यात्रियों को हो रही परेशानी
थाना क्षेत्र के नेमुआ गांव के समीप भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बने यात्री शेड पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है.
