बौंसी में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खा लिया कीटनाशक, सदर अस्पताल रेफर
Banka News : पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने कीटनाशक खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
बौसी, (बांका ) से संजीव पाठक की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरा मोड़ गांव में मंगलवार देर शाम घरेलू विवाद के बाद एक युवक द्वारा कीटनाशक सेवन किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और युवक को तत्काल बौसी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
सिमरा मोड़ गांव की घटना
जानकारी के अनुसार सिमरा मोड़ निवासी गुलाबी यादव के 30 वर्षीय पुत्र जयकांत यादव ने घरेलू विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया. परिजनों ने बताया कि घटना से पहले युवक और उसकी पत्नी सुनीता देवी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी.
हालत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
कीटनाशक सेवन के बाद युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. परिजन उसे आनन-फानन में बौसी रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. रंजन कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया.
बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर
अस्पताल में जांच के दौरान युवक की स्थिति गंभीर पाई गई. इसके बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
परिजनों ने बतायी पारिवारिक कलह की बात
अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों ने बताया कि युवक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को दे दी गई है. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है.B