Aaj Ka Darshan: बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट — बांका शहर में बुधवार को एक ओर जहां मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन होगा, वहीं दूसरी ओर सदर अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए दो पालियों में ओपीडी सेवा संचालित की जाएगी. भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर और पुरानी ठाकुरबाड़ी में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है. वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल में विभिन्न विभागों के 17 चिकित्सकों की ड्यूटी तय की है.
पंचमुखी मंदिर और भयहरण स्थान में दिखेगी आस्था की रौनक
शहर के प्रसिद्ध भयहरण स्थान में बुधवार को भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना होगी. मंदिर का पट सुबह पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा. यहां सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगने की संभावना है. बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर में भी भव्य पूजा और संध्या महाआरती का आयोजन किया जाएगा.
इसके अलावा पुरानी ठाकुरबाड़ी और मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भी नियमित पूजा-अर्चना पूर्व की तरह जारी रहेगी. मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारी की है.
