मंदार विद्यापीठ में सजेगा काव्य का महाकुंभ, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आज

पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल, बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों के जुटने की संभावना

संस्थापक आनंद शंकर माधवन की 112वीं जयंती पर भव्य आयोजन

बौंसी. मंदार विद्यापीठ परिसर शुक्रवार को साहित्य, संस्कृति और श्रद्धा के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा. संस्थापक आनंद शंकर माधवन की 112वीं जयंती के अवसर पर यहां भव्य आनंद शंकर माधवन राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इस विशेष आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों के जुटने की संभावना है.

देश के ख्यातिप्राप्त कवि देंगे प्रस्तुति

कार्यक्रम में देश के ख्यातिप्राप्त कवि मुंबई से दिनेश बावरा, उत्तर प्रदेश के लखनऊ से प्रख्यात मिश्रा, उत्तर प्रदेश के उन्नाव से स्वयं श्रीवास्तव, दिल्ली से डॉ कीर्ति काले और इटावा से योगिता चौहान अपनी ओजपूर्ण और भावपूर्ण रचनाओं का पाठ करेंगे. हास्य, वीर रस, भक्ति रस और ओज से सराबोर कविताएं श्रोताओं को न केवल मनोरंजन करेंगी, बल्कि उन्हें देशभक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ेंगी. अद्वैत मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के चेयरमैन अरविंदाक्षन मॅडम्बथ के अनुसार, कवि सम्मेलन की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की गयी है कि हर आयु वर्ग के श्रोताओं को कुछ न कुछ विशेष अनुभव हो. मंच संचालन भी प्रभावशाली अंदाज में किया जायेगा, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी. संस्थापक आनंद शंकर माधवन की जयंती पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को विशेष रूप से याद किया जायेगा. वक्ताओं द्वारा उनके शैक्षिक योगदान, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में निभायी गयी भूमिका पर प्रकाश डाला जायेगा. विद्यापीठ परिवार उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहरायेगा.

सुरक्षा के साथ बैठने की रहेगी समुचित व्यवस्था

कार्यक्रम के लिए विद्यापीठ परिसर में भव्य और आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है. सतरंगी रोशनी और सुसज्जित मंच व्यवस्था लोगों को दूर से ही आकर्षित कर रही है. सुरक्षा और बैठने की समुचित व्यवस्था भी की गयी है, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. कवि सम्मेलन को लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. आयोजकों ने सभी साहित्य प्रेमियों से समय पर पहुंचकर इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है. निश्चित ही आज का यह आयोजन मंदार विद्यापीठ के इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ने जा रहा है, जहां कविता के सुरों में श्रद्धांजलि, संस्कृति और संवेदना की गूंज एक साथ सुनायी देगी.

आनंद शंकर माधवन साहित्य रत्न पुरस्कार का होगा वितरण

शुक्रवार को मंदार विद्यापीठ प्रांगण में माधवन साहित्य परिषद सम्मान एवं संरचना का कार्यक्रम संध्या 4 बजे आयोजित होगा. इसके ठीक बाद आनंद शंकर माधवन साहित्य रत्न पुरस्कार का वितरण होगा. संस्थान के द्वारा चयनित एक कवि को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा. उन्हें 50 हजार की राशि के अलावा अंग वस्त्र, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र भी भेंट किया जायेगा. राष्ट्रीय कवि सम्मेलन शाम पांच बजे आरंभ होगा, जो रात्रि करीब 10 बजे तक चलेगा. रविवार 15 फरवरी की सुबह संस्था के शिवधाम परिसर में सोहम का ध्वज फहराया जायेगा. इसके बाद सुबह के 10 बजे से नारायण भोज का आयोजन होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >