-बांका में दिलचस्प होगा मुकाबला
बांकाः निर्दलीय सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व दिग्विजय सिंह की पत्नी पुतुल कुमारी को भाजपा ने बांका से टिकट दिया है. इसके बाद तमाम कयासों और प्रयासों का दौर खत्म हो गया है. पार्टी नेतृत्व ने बांका सांसद पुतुल कुमारी पर भरोसा जताते हुए उन्हें बांका से अपने प्रत्याशी बनाये जाने के संकेत पहले ही दे दिये थे. अब बांका के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस राजद गंठबंधन से पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव, जदयू भाकपा गठबंधन से पूर्व एमएलसी भाकपा नेता संजय कुमार, आप पार्टी से नीरज कुमार, वहीं लोजपा भाजपा गठबंधन से पुतुल कुमारी को लोकसभा प्रत्याशी बनाये जाने से लोकसभा की तस्वीर साफ हो गयी है.
महा मुकाबला भाकपा-जदयू, कांग्रेस-राजद व भाजपा-लोजपा गंठबंधन के बीच ही होगा. बता दें कि पुतुल कुमारी ने बड़े कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के समक्ष पहले ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी.
भाजपा के समर्थन से ही उनके पति स्व दिग्विजय सिंह झारखंड से राज्य सभा के उम्मीदवार बन चुके थे. अब मतदाता को इस बात का इंतजार है कि कमल खिलेगा या लालटेन की रोशनी बिखरेगी या फिर जदयू के तीर की संवरेगी तकदीर.
