चौकसी. ब्ल्यू बुक के आधार पर होगी महामहिम की सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश द्वार पर स्थानीय पुलिस बलों को तैनात किया गया है.
बांका/बौंसी : महामहिम की सुरक्षा ब्ल्यू बुक के निर्देशों के अनुरूप होगी. राष्ट्रपति के सुरक्षा को लेकर एएसएल में पुलिस अधीक्षक स्तर से नीचे के अधिकारी नहीं रहेंगे. एएसएल में विशेष शाखा के पुलिस उप महानिरीक्षक सुरक्षा के अलावा सीएसएलओ आइबी, बिहार सैन्य पुलिस पटना व एसपीजी के कई अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. जानकारी के अनुसार गुरूधाम में महामहिम की सुरक्षा के लिए अभी से ही करीब 15 सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ-साथ सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है.
शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेने बांका एसपी राजीव रंजन के अलावा स्पेशल ब्रांच के एसपी पीके प्रवीण भी गुरूधाम पहुंचे. उन्होंने आश्रम के साथ-साथ हेलीपैड स्थल एवं सभी संपर्क सड़कों आदि का जायजा लिया. एसपी ने सबसे पहले आश्रम के अंदर सुरक्षा के दृष्टिकोण से बनाये जा रहे बैरिकेटिंग, पंडाल सहित महामहिम के आने-जाने वाले मार्गो का गहन निरीक्षण किया. साथ ही कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश द्वार पर स्थानीय पुलिस बलों को तैनात किया गया है.
वहीं प्रखंड क्षेत्र के रेवले स्टेशन, धर्मशालाओं, विभिन्न स्कूलों एवं कई संवेदनशील जगहों आदि की जांच के बाद सड़क पर परिचालन कर रहे वाहनों की सघन तलासी ली गयी. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर शाम तक करीब एक हजार महिला पुलिस बल एवं पुरुष कांस्टेबल भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चूके हैं. एसपी के नेतृत्व में महामहिम की सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल के समीप बनाये गये डी एरिया एवं आस-पास जगहों की बारिकी से जांच किया गया. एसपी के निर्देश् पर कार्यक्रम स्थल पर डॉग स्क्वायड की टीम, बम निरोधक दस्ता, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड मेटल डिटेक्टर के अलावा सीआरपीएफ व बीएमपी के जवानों की भी तैनाती कर दी गयी है. इस अवसर पर एएसपी अभियान ललन पांडेय के अलावा कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
बटुक करेंगे स्वास्ति वाचन
बौंसी. राष्ट्रपति आगमन को लेकर गुरुधाम में उत्सवी माहौल है. खासकर वेद विद्यापीठ के ब्रम्हचारी बटुक इस कार्यक्रम को लेकर ज्यादा उत्साहित हैं. आश्रम से जुड़े गंगाधर पंडित ने बताया है कि राष्ट्रपति के आगमन पर आश्रम के ब्रम्हचारी बटुक स्वास्ती वाचन करेंगे. इसके लिए विशेष रुप से इनकी तैयारी की गयी है. महामहिम के आगमन पर मंदिर प्रांगन में बने मंच पर गुरुभाईयों द्वारा अंगवस्त्र व स्मारिका के अलावा आचार्य भूपेंद्र नाथ सन्याल बाबा के द्वारा रचित गीता के अलावा बांग्ला एवं हिन्दी में उनके द्वारा लिखित पुस्तकें भी महामहिम को भेंट दी जायेगी. राष्ट्रपति गुरुमहाराज के कुटिया में भी जायेंगे. इसके लिए उस भवन को सजाया व संवारा गया है. जहां पर उनकी स्मृति चिन्ह अब भी मौजूद हैं.
राष्ट्रपति उसे भी देखेंगे. वहीं आश्रम परिसर में ही सेफ भवन राष्ट्रपति के लिए बनाया गया है जहां कुछ समय के लिए राष्ट्रपति आ सकते हैं. हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं है. लेकिन आश्रम प्रबंधन द्वारा सेफ हाउस को हाईटेक तरीके से सजाया व संवारा गया है. सेफ हाउस का कार्यभार संभाल रहे आशीष कुमार सिंह ने बताया कि उक्त भवन आश्रम के ही एक गुरुभाई प्रमोद झुनझुनवाला का है, जिसे सुसज्जित किया जा रहा है.
