कटोरिया : कटोरिया-बेलहर मुख्य मार्ग पर सूइया ओपी अंतर्गत जिलेबिया मोड़ पर रविवार की रात्रि करीब एक बजे सशस्त्र अपराधियों ने मार्ग अवरुद्ध कर मुंगेर से देवघर जा रही स्कॉर्पिओ (बीआर08ई/0005) में लूटपाट मचायी. लूटपाट के दौरान नकदी, मोबाइल व महिलाओं के जेवरात आदि लूट लिये. विरोध करने पर मारपीट एवं स्कॉर्पिओ में तोड़-फोड़ भी की. लूटपाट की सूचना मिलते ही सूइया ओपीध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा एवं कटोरिया थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार
भारती दल-बल के साथ रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस दल को देखते ही सभी लुटेरे भाग निकले. जिससे अन्य गाडि़यां लूटने से बच गयी. मारपीट से मामूली रूप से घायल दो यात्रियों का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल में कराया गया. घटना के संबंध में पीडि़त वीर विक्रम सिंह पिता स्व विनोद कुमार सिंह ग्राम शीतलपुर थाना मुफसिल जिला मुंगेर के बयान पर दस अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
