अतिक्रमित तालाब.
रजौन : प्रखंड क्षेत्र के बामदेव बाजार स्थित सरकारी तालाब के भींडा के जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है. बामदेव के ग्रामीणों ने तालाब के जमीन पर से अतिक्रमण हटाने को लेकर कई बार स्थानीय अंचल प्रशासन से गुहार लगायी है. लेकिन अंचल कार्यालय द्वारा अब तक इस ओर कोई पहल नहीं किया गया है. ग्रामीणों ने बताया है कि छठ पूजा को लेकर ग्रामीण भींडा की साफ-सफाई करने गये तो एक अतिक्रमणकारी उलझ गये. इसकी जानकारी ग्रामीणों द्वारा आवेदन के माध्यम से अंचलाधिकारी रजौन को दी गयी. 400 लोगों के हस्ताक्षर युक्त आवेदन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि बामदेव तालाब के भींडा की जमीन को दबंगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है. अतिक्रमण कर लिये जाने के कारण तालाब का अस्तित्व भी धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है.
बोले ग्रामीण: ग्रामीण बासुकी सिंह, कुलदीप हरिजन, सुरेश प्रसाद सिंह, दिनेश दास, लाल बिहारी हरिजन आदि ने बताया कि तालाब पर छठ पूजा के अलावा मत्स्य पालन भी होता है. ग्रामीणों ने एक बार फिर रजौन के सीओ का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है. वही सीओ सुमीत कुमार आनंद ने बताया कि प्रखंड के सभी तालाबों की मापी कराने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू करायी जायेगी. इसके पश्चात अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी.
